जोशीमठ में सड़क हादसे में बचे उदयपुर के 42 यात्री, चार धाम की यात्रा पर गए थे उत्तराखंड

चार धाम की यात्रा पर गया उदयपुर के 42 यात्रियों का एक दल उत्तराखंड के जोशीमठ में एक हादसे में बाल-बाल बच गया। बद्रीनाथ रोड स्थित जोशीमठ के नीचे पहाड़ का बड़ा हिस्सा धमाके के साथ भरभराकर सड़क पर गिर गया। ऐसे में उदयपुर से गए यात्रियों की बस कुछ ही दूरी पर थी।
दल के प्रमुख चन्द्रशेखर गहलोत ने बताया कि यात्रियों को दोपहर 2 बजे बद्रीनाथ से दर्शन कराकर नगरासू के लिए लौट रहे थे। बीच रास्ते में जोशीमठ के नीचे हेलन गांव के शाम करीब 6ः30 बजे यह हादसा हुआ। पहाड़ गिरने के धमाके की गूंज सुन एकबारगी हम लोग सहम गए थे। फिर सामने पहाड़ का बड़ा हिस्सा सड़क पर गिरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत यात्रियों की सभी बसों को सड़क मार्ग पर ही रूकवा दिया। देखते ही देखते सैकड़ों वाहनों की कतारें लग गईं। यात्री रात 2 बजे तक यहीं फंसे रहे। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि रोड़ बंद होने की वजह से करीब 20 हजार यात्री बीच रास्ते में फंस गए हैं। सड़क मार्ग खोलने के प्रयास जारी हैं।