Rajasthan State Udaipur

आरएनटी मेडिकल कॉलेज के 558 रेजिडेंट डॉक्टर तीसरे दिन भी हड़ताल पर

उदयपुर में आरएनटी मेडिकल कॉलेज से जुड़े 6 हॉस्पिटलों के 558 रेजिडेंट डॉक्टर की हड़ताल मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी है। मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है। वार्डों में भर्ती रोगी नर्सिंग स्टाफ के भरोसे हैं। बीते दो दिनों में करीब 125 से ज्यादा ऑपरेशन टाले जा चुके हैं। आउटडोर में जहां एक कक्ष में तीन से चार रेजिडेंट डॉक्टर होते थे। वहां हड़ताल होने से आज मात्र एक सीनियर डॉक्टर के भरोसे सैकड़ों मरीज हैं।

इस वजह से आउटडोर में मरीजों की लंबी कतार लगी है। मरीजों को डॉक्टर को दिखाने में 2 से ढाई घंटे लग रहे हैं। आरएनटी मेडिकल कॉलेज के 260 सीनियर डॉक्टर और 40 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों द्वारा ओपीडी की व्यवस्था संभाल पाना मुश्किल हो रहा है।

एमबी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया- सीएमएचओ से अतिरिक्त डॉक्टर मांगे गए हैं। जिनमें से करीब 8 से 10 डॉक्टरों ने ज्वाइन किया है बाकी डॉक्टर्स भी जल्दी करेंगे। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी मेंबर की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई है। जिन यूनिट हैड डॉक्टरों का वार्ड में एडमिशन डे नहीं है उन्हें भी ड्यूटी पर लगाया है। रेजीडेंट को हड़ताल खत्म करने के लिए हम समझा ही सकते हैं हालांकि उनकी जो मांग है वह राज्य सरकार स्तर से ही पूरी हो सकेगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *