उदयपुर में घर के सामने से निकला लेपर्ड जहां गोली मारी वहां से 10KM दूर नजर आया दूसरा तेंदुआ

उदयपुर शहर के पास एक बार फिर लेपर्ड का मूवमेंट नजर आया है। शहर के 7 किमी दूर बड़ी ग्राम पंचायत क्षेत्र के लियो का गुड़ा में बीती रात को एक लेपर्ड को सीसीटीवी फुटेज में देखा गया। यहां 7 दिन में दूसरी बार लेपर्ड की मूवमेंट हुई है। CCTV में, लेपर्ड रविवार देर रात 10.42 बजे एक घर के सामने से गुजरता हुआ नजर आ रहा है। इसके बाद सामने से एक कार के आते ही लेपर्ड झाड़ियों में भाग जाता है।
3 दिन पहले शुक्रवार को यहां से 10 किमी दूर मदार इलाके में वन-विभाग और पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में एक लेपर्ड को गोली मारी गई थी।
बड़ी सरपंच मदन पंडित ने बताया कि इस इलाके में 7 दिन में लेपर्ड दिखने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 14 अक्टूबर को इसी इलाके में लेपर्ड ने सुबह 7 बजे विजय चौबीसा के मकान में घुसकर बछड़े का शिकार कर लिया था। उनकी बहु ने लेपर्ड को देखा और चिल्लाई तो लेपर्ड भाग निकला। इसके बाद वन-विभाग ने उनके बाड़े में पिंजरा भी लगाया था। लेकिन, लेपर्ड उसमें नहीं आया।
मदन पंडित ने बताया- अब रविवार देर रात सड़क पर घूमता लेपर्ड दिखाई दिया है। इससे पहले वन विभाग ने यहां पिंजरा भी लगाया था। लेकिन, लेपर्ड उसमें नहीं फंसा। लोग घबराए हुए हैं और घरों से बाहर निकलने में कतरा रहे हैं। ये जो इलाका शहर से महज 7 किमी दूर है। यहां पहले भी लेपर्ड का मूवमेंट रहा है। वह रात के समय बाड़े में बंधे हुए मवेशियों का शिकार कर भाग जाता है।