राजस्थान में कर्मचारियों के प्रमोशन को लेकर बड़ा फैसला, दो से ज्यादा बच्चे होने पर भी नहीं रुकेगा प्रमोशन

लंबे समय से कर्मचारी मांग कर रहे थे,राजस्थान सरकार ने कर्मचारियों के प्रमोशन को लेकर बड़ा फैसला किया है। अब तीसरा बच्चा होने के बाद भी कर्मचारी को पदोन्नति मिल सकेगी। गुरुवार को कार्मिक विभाग ने ये आदेश जारी कर दिए। आदेश के 1 जून 2002 के बाद दो से ज्यादा बच्चे होने पर भी कर्मचारी-अधिकारी को पदोन्नति मिल सकेगी। ऐसे में प्रदेश के 8 लाख कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा। इससे पहले सरकार ने ऐसे कर्मचारियों की पदोन्नति पर 3 साल तक रोक लगा रखी थी। उनको प्रमोशन और सैलरी बढ़ोतरी का फायदा 3 साल देरी से मिल पाता था।
राज्य में जब भाजपा की सरकार थी और वसुंधरा राजे पहली बार मुख्यमंत्री बनी थी, तब साल 2004 में ये नियम लागू किया था। उस समय सरकार ने किसी भी राज्य कर्मचारी या अधिकारी के 1 जून 2002 के बाद तीसरा बच्चा होने पर प्रमोशन को रोकने का फैसला किया था। राजस्थान आवासन मंडल कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष दशरथ सिंह ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड की ओर से इस मांग को सबसे पहले उठाया गया था। 2 साल पहले पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य से भी हमने मुलाकात करके और ज्ञापन देकर 3 साल तक प्रमोशन रोकने के निर्णय को वापस लेने की मांग की थी।