उदयपुर का पारा 1.4 डिग्री गिरा:गुरुवार सुबह हुई मावठ से लुढ़का सुबह का पारा, दिन का तापमान 24 घंटे में 4.6 डिग्री गिरा

उदयपुर में गुरुवार की सुबह एक बार फिर काफी सर्द रही। दो दिन से शहर में हो रही मावठ का असर गुरुवार को देखने को मिला। गुरुवार को सुबह का पारा 1.4 डिग्री गिरकर 15 डिग्री से 13.6 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं दिन का पारा भी काफी गिरा। 24 घंटे में यह 24.4 डिग्री से गिरकर 19.8 डिग्री पर पहुंच गया। दिन का पारा गिरने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अंतर काफी कम हो गया। बुधवार को उदयपुर में मावठ का दौर शुरू हुआ था जो गुरुवार सुबह से भी जारी रहा। हालांकि यह अलग-अलग बरसात अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग तरह से हुई। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बरसात हुई।
मौसम विभाग ने उदयपुर में मावठ का अनुमान लगाया था। उसका असर पिछले दो दिनों से देखने को मिल रहा है। यहां दो दिन से पूरी तरह बादल छाए हुए हैं। इसके चलते धूप भी नहीं निकली। इसी का असर तापमान पर भी देखने को मिला। माना जा रहा है कि उदयपुर में अब तापमान और भी ज्यादा गिरेगा। गुरुवार को दिन के तापमान में और भी ज्यादा गिरावट हो सकती है।
10 डिग्री से नीचे जाएगा पारा
उदयपुर में शुक्रवार से तापमान में और भी ज्यादा गिरावट होने लगेगी। शुक्रवार से मावठ बंद हो जाएगी। हालांकि बादल पूरी तरह नहीं छटेंगे। ऐसे में सुबह का तापमान गिरने लगेगा। वहीं रविवार तक यह गिरकर 10 डिग्री से नीचे चला जाएगा। साथ ही आसमान पूरी तरह साफ होने से ठंड काफी बढ़ जाएगी। हालांकि मौसम खुलने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।