जयपुर में 28 अक्टूबर को लाइटिंग का उद्घाटन होगा, मिस्र के पिरामिड-अयोध्या मंदिर की थीम पर सज रहे बाजार

हर साल की तरह इस साल भी जयपुर के बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे। दीपावली को लेकर विभिन्न व्यापार मंडलों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस साल अलग-अलग बाजारों को थीम के आधार पर सजाया जाएगा। इसमें अयोध्या, मिस्र के पिरामिड, कैंडल, राजस्थान राइजिंग जैसे थीम शामिल हैं।
राजापार्क व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव आहूजा ने बताया- राजापार्क व्यापार मंडल के अध्यक्ष रवि नैय्यर के नेतृत्व में दीपावली सजावट समिति बनाई गई है। जो विशेष रूप से बाजार के सजावट का काम कर रही है। राजापार्क में इस बार दीपावली की सजावट अयोध्या के श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की थीम पर होगी
राजापार्क के मुख्य चौराहे पर रामलला की प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके साथ पूरे बाजार में साउंड लगाकर राम धुन बजाई जाएगी। बाजार के मेन चौराहे पर झूमर के साथ रंग-बिरंगी लाइट लगाई जाएगी। लाइटिंग के साथ पोल पर लगी मोर की आकृतियां बाजार की खूबसूरती बढ़ाएंगी। बाजारों में जगह-जगह लक्ष्मी गणेश के चित्र को लाइटिंग के साथ लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया- बाजार में दीपावली के दौरान सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। व्यापार मंडल की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था को मैनेज करने के लिए प्राइवेट गाड्र्स भी लगाए जाएंगे। बाजार में चार जगहों पर बड़े-बड़े विशाल गेट बनाए गए हैं। साथ ही चौराहे के चारों ओर गौ माता की प्रतिमा भी लगाई जाएगी।