Rajasthan State

नागपंचमी पर महाकाल नागचंद्रेश्वर पट दर्शन के लिए खोले, त्रिकाल पूजन और अभिषेक, महाकाल का नागचंद्रेश्वर के रूप में विशेष श्रृंगार​​​​​​​, शाही सवारी आज

उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के शीर्ष पर विराजमान श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट रविवार आधी रात को खोल दिए गए। ये पट साल में एक बार नागपंचमी पर ही खुलते हैं। सबसे पहले श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज ने त्रिकाल पूजन और अभिषेक किया। आज सावन महीने का सातवां सोमवार है। नागपंचमी और सोमवार का संयोग बना है।

पंचांग तिथि अनुसार सावन महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी के दिन ही इस मंदिर के पट खुलने की परंपरा है। श्री नागचंद्रेश्वर भगवान की यह प्रतिमा 11वीं शताब्दी की है। इस प्रतिमा में फन फैलाए नाग के आसन पर शिव जी के साथ देवी पार्वती बैठी हैं। संभवत: दुनिया में ये एक मात्र ऐसी प्रतिमा है, जिसमें शिवजी नाग शैया पर विराजमान हैं।मंदिर में शिवजी, मां पार्वती, श्रीगणेश जी के साथ ही सप्तमुखी नाग देव हैं। दोनों के वाहन नंदी और सिंह भी विराजमान हैं। शिव जी के गले और भुजाओं में भी नाग लिपटे हुए हैं।

महाकालेश्वर मंदिर में सबसे नीचे भगवान महाकालेश्वर, दूसरे खंड में ओंकारेश्वर और तीसरे खंड में श्री नागचंद्रेश्वर भगवान का मंदिर है। यह मंदिर काफी प्राचीन है। माना जाता है कि परमार राजा भोज ने 1050 ईस्वी के करीब इस मंदिर का निर्माण करवाया था। इसके बाद सिंधिया घराने के महाराज राणोजी सिंधिया ने 1732 में महाकाल मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया। प्रतिमा नेपाल से लाकर मंदिर में स्थापित की गई थी।

उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए रात 12 बजे से श्रद्धालु लाइन में लगना शुरू हो गए थे। रात 2.30 बजे भस्म आरती के लिए मंदिर के पट खोले गए। भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक पूजन कर भस्म रमाई गई। पट खुलने के बाबा महाकाल को पंडे – पुजारियों ने नियमानुसार जल चढ़ाकर दूध, घी, शहद, शक्कर व दही से पंचामृत अभिषेक किया। इसके बाद बाबा का भांग, सूखे मेवों से श्रृंगार कर भस्म चढ़ाई। 1 घंटे चली भस्म आरती में बाबा का भांग, चंदन, फल, वस्त्र आभूषण से नागचंद्रेश्वर के रूप में विशेष श्रृंगार किया गया। पंडित महेश पुजारी ने बताया कि सावन महीने में महाकालेश्वर मंदिर में पांच आरती होती हैं। सबसे खास भस्म आरती होती है। रोजाना पंचामृत किया जाता है। इन दिनों महाकाल को बेलपत्र और जल चढ़ाने का अलग महत्व है। कुछ भक्त एक से लेकर एक लाख तक बेल पत्र चढ़ाते हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *