भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के पहले वर्तमान और पूर्व पार्षदों की बैठक, स्थानीय लोगों को पीले चावल देकर यात्रा में शामिल होने का न्योता
उदयपुर शहर में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के पहले वर्तमान और पूर्व पार्षदों की बैठक बुलाई गई। बैठक में शामिल पूर्व महिला पार्षदों ने जिला स्तरीय बड़े नेताओं के सामने चुनावी दंगल में विधायक की दावेदारी पेश कर डाली।
मंगलवार शाम को 6 बजे पटेल सर्किल स्थित शहर भाजपा कार्यालय में नगर निगम के पिछले पांच बोर्ड में पार्षद रहे प्रतिनिधियों के साथ वर्तमान बोर्ड के पार्षदों की बैठक बुलाई गई थी। नगर परिषद में सभापति रहीं स्व. किरण माहेश्वरी से लेकर युधिष्ठिर कुमावत, रवींद्र श्रीमाली, पूर्व मेयर रजनी डांगी, पूर्व मेयर चंद्रसिंह कोठारी के बोर्ड में पार्षद रहीं महिला प्रतिनिधियों ने यहां शहर जिला प्रभारी बंशीलाल खटीक, जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली, महामंत्री गजपाल सिंह एवं अन्य नेताओं की मौजूदगी में चल रही बैठक में ये कहते हुए हंगामा किया कि शहर विधानसभा से भेजे गए 10 दावेदार की सूची में उनका नाम क्यों शामिल नहीं किया गया। सबसे पहले पूर्व पार्षद अर्चना शर्मा ने कहा कि आज अचानक से पूर्व पार्षदों की याद कैसे आ गई? जिलाध्यक्ष रहते हुए कभी श्रीमाली ने बुलाया नहीं। अब परिवर्तन यात्रा और चुनाव सिर पर खड़े हैं, इसलिए भीड़ जुटाने के लिए उन्हें याद किया जा रहा है।
पार्टी में विधायक दावेदारी के लिए शुरू से ताल ठोंक रहे डूंगरपुर के पूर्व सभापति केके गुप्ता ने उदयपुर सहित प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को उनका बायोडाटा भेजकर दावेदारी कर डाली। गुप्ता का कहना है कि उनकी प्राथमिकता उदयपुर से चुनाव लड़ने की होगी। किसी कारण से अड़चन आई तो वे पार्टी के कहने पर प्रदेश के किसी भी हिस्से से चुनाव लड़ने को तैयार हैं। गुप्ता ने कहा कि उनके पास उदयपुर के विकास का विजन है।
सवालों के जवाब पर शहर भाजपा जिला प्रभारी बंशीलाल खटीक ने कहा कि मीटिंग बुलाने का उद्देश्य ही अपनों के गिले सिकवे सुनने का था। पार्टी के अलावा भाजपा परिवार भी है। हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है।
उदयपुर| उदयपुर शहर में पहुंचने वाली भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा से एक दिन पहले बुधवार शाम को महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने स्थानीय लोगों को पीले चावल देकर यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया। इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली, प्रभारी बंशीलाल खटीक, महामंत्री गजपाल सिंह राठौड़, निकाय प्रकोष्ठ के संभाग प्रभारी नानालाल वया, जिला संयोजक लोकेश द्विवेदी, महापौर गोविंदसिंह टांक, उप महापौर पारस सिंघवी की मौजूदगी में पार्षद और पूर्व पार्षदों की बैठक बुलाई गई। वहीं 8 सितंबर को बैंक तिराहे से शहर सीमा में प्रवेश करने वाली यात्रा को लेकर तैयारियों का अंतिम खाका तैयार किया गया।











