उदयपुर विद्युत विभाग 8 करोड़ वसूले:पांच दिन में 100 से अधिक कर्मचारियों ने की वसूली, 700 से ज्यादा उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे

विद्युत निगम की ओर से 26 नवंबर से 30 नवंबर तक बकाया वसूली के अभियान के तहत 8 करोड़ 37 लाख रुपए की वसूली की गई है। 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में निकलकर 5 दिन में करीब 8500 उपभोक्ताओं तक पहुंचे। इस अभियान के दौरान डिस्कॉम के अधिकारियों ने 40 विवादित मामले भी निपटाए और 20 लाख की वसूली के बाद कटे हुए कनेक्शनों को फिर जोड़ा है।
अधीक्षण अभियंता गिरीश कुमार जोशी ने बताया कि अभियान से पहले जिले में 138. 75 करोड़ का बकाया निकाला गया था, ऐसे में विद्युत निगम के एमडी के निर्देश पर पांच दिवसीय बकाया वसूली अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत लगभग सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने वसूली के लिए फील्ड में ड्यूटी दी और पद के अनुसार उन्हें लक्ष्य दिया गया।
जोशी ने बताया कि कुल लक्ष्य 10,858 उपभोक्ताओं से वसूली करने का था लेकिन छुट्टी और अन्य कार्यों के चलते डिस्कॉम के कर्मचारी 8515 उपभोक्ताओं तक ही पहुंच सके। इनमें से 4946 उपभोक्ताओं से 836.59 लाख की की गई है। इस अभियान के दौरान 3569 उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे गए। इन उपभोक्ताओं से डिस्कॉम की 646 लाख की बकाया निकल रही थी। उन्होंने बताया कि यह वसूली काफी लंबे समय से लंबित थी इसमें 5 हजार से ज्यादा बकाया वालों से ही वसूली की गई है, आगे भी अभियान जारी रहेगा।
26 नवंबर को 914 उपभोक्ताओं से एक करोड़ 58 लाख, 27 नवंबर को 952 उपभोक्ताओं से एक करोड़ 34 लाख, 28 नवंबर को 882 उपभोक्ताओं से 1.5 करोड़, 29 नवंबर को 1071 उपभोक्ताओं से 1 करोड़ 78 लाख और 30 नवंबर को 1127 उपभोक्ताओं से 2 करोड़ 13 लाख की वसूली की गई है। इस दौरान रोजाना करीब 700 लोगों के कनेक्शन भी काटे गए।#