पुरंजय ने कहा था- ‘मैं देर तक सोऊंगा’, बेटे की हत्या के लिए छुट्टी का दिन चुना, छुट्टी के दिन पति दीपक पारीख फतहसागर पर घूमने जाएंगे, वो लेट ही आएंगे
उदयपुर के सहेली नगर में 4 दिन पहले (30 जुलाई) को मां (मनीषा, 37) ने अपने बेटे (पुरंजय, 14) का कपड़े सुखाने वाली रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
ममता की मूरत अपने ही हाथों से अपने बेटे का गला कैसे घोंट सकती है। फिलहाल अब भी ये रहस्य बना हुआ है कि आखिर मां ने अपने बेटे को क्यों मारा?
पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। जहां पहले दिन पुलिस ने महिला की मानसिक बीमारी की बात को ना मानते हुए अपने तरीके से जांच की बात कह रही थी। वहीं हादसे के दूसरे दिन यानी 31 जुलाई को पुलिस ने पूछताछ में मनीषा को मानसिक बीमारी होने की संभावना बताई थी। अब फिर पुलिस ने आरोपी मां से पूछताछ के बाद अलग एंगल पर काम करना शुरू कर दिया है। पुलिस महिला के पति के पति की काॅल डिटेल खंगाल रही है। वहीं पूछताछ में पुलिस ने दावा ने किया है कि हत्यारी मां ने इस मर्डर की प्लानिंग पहले ही कर रख थी।
पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ के आधार पर बताया है कि उसने अपने ही बेटे के मर्डर के लिए रविवार का दिन चुना था। उसे मालूम था कि इस दिन उसके पति दीपक पारीख (44) फतह सागर पर घूमने जाएंगे और छुट्टी का दिन होने के चलते वो लेट ही आएंगे। उसने ये कन्फर्म करने के लिए पति दीपक को फोन किया कि उनके आने में अभी कितना टाइम बचा है। ताकि, वो उस हिसाब से गहरी नींद में सोए बेटे पुरंजय की हत्या कर सके। रविवार सुबह 6 बजे जब पति मॉर्निंग वॉक पर गए थे, तब पीछे से महिला ने अपने पति को कॉल करके वापस आते वक्त सब्जी लाने की बात कही थी। ताकि पति को आने में थोड़ी और देरी हो सके। इसी बीच कपड़े सुखाने वाली रस्सी ली और उसके दो टुकड़े किए। जिससे उसने अपने सोते हुए बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी।
अंबामाता थानाधिकारी हनवंत सिंह राजपुरोहित ने कहा कि मासूम बच्चे की हत्या के मामले में पति दीपक पारीख के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध होने के एंगल से भी जांच कर रहे हैं। पुलिस ने पति के फोन की कॉल डिटेल्स मंगवाई हैं। जिसके आधार पर पुलिस ये पता करेगी कि महिला मनीषा के अपने पति दीपक पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। या फिर वाकई मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से महिला अपने पति पर ऐसे आरोप लगा रही है।