Gadgets Technology

जियोफोन नेक्स्ट की 5 खूबी और 5 खामियां:डॉक्युमेंट का फोटो खींचकर अपनी भाषा में सुन पाएंगे, डेटा सिर्फ जियो सिम से चलेगा

नई दिल्ली. दुनिया के सबसे सस्ते एंड्रॉयड स्मार्टफोन के नाम से सुर्खियां बटोरने वाला जियोफोन नेक्स्ट लॉन्च हो चुका है। इसकी कीमत 6499 रुपए है। इस प्राइस टैग के साथ ये दुनिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन तो बिल्कुल भी नहीं है। वैसे, इस फोन में कुछ ऐसे यूनीक फीचर्स हैं जो इसे इस सेगमेंट के दूसरे फोन से अलग बनाते हैं। वहीं, कुछ ऐसे फीचर्स मिसिंग भी हैं जो इसी सेगमेंट के स्मार्टफोन में दूसरी कंपनियां दे रही हैं। चलिए इन सभी के बारे में जानते हैं…

सबसे पहले बात करते हैं जियोफोन नेक्स्ट की 5 खूबियों की

1. फोटो ट्रांसलेट मोड
जियोफोन नेक्स्ट के कैमरे में आपको ट्रांसलेट मोड मिलता है। यानी आप इस मोड से किसी डॉक्युमेंट का फोटो कैप्चर करके उसे अपनी भाषा में ट्रांसलेट कर पाएंगे। कैप्चर किए गए टेक्स्ट को आप सुन भी सकते हैं। कैमरे से आप कितने फोटो क्लिक कर पाएंगे या कितने मिनट का वीडियो रिकॉर्ड कर पाएंगे, इस बात की डिटेल कैमरे में दिखती रहती है।

2. हाथ से टाइपिंग का झंझट खत्म
जियोफोन नेक्स्ट के लिए खास प्रगति ओएस तैयार किया गया है। इसके कीबोर्ड में वॉयस टाइपिंग, वन हैंड मोड, ग्लाइड टाइपिंग, पर्सनल डिक्शनरी जैसे फीचर्स दिए गए हैं। यूजर फोन के लाइव ट्रांसक्राइब ऐप की मदद से आसानी से टाइप कर सकते हैं। इससे कीबोर्ड पर टाइप करने का झंझट खत्म हो जाएगा।

3. फोकस मोड
काम करने के दौरान अगर मोबाइल ऐप्स आपको परेशान कर रहे हैं, तब फोकस मोड आपके काम आएगा। इस मोड की मदद से आप कुछ सिलेक्टेड ऐप्स को ही इस्तेमाल कर पाएंगे। यानी बाकी ऐप्स के नोटिफिकेशन बंद हो जाएंगे। इसकी क्लॉक में आपको बेडटाइम मोड मिलेगा, जिससे सोने के समय और स्क्रीन टाइम को मॉनिटर कर सकते हैं।

4. डिजिटल वेल बीइंग
जियोफोन नेक्स्ट में एक और बेहतरीन फीचर डिजिटल वेल बीइंग मिलेगा। यहां पर इस बात का पता चलेगा कि आपने किस ऐप को कितना टाइम दिया, या इस ऐप के लिए स्क्रीन कितनी देर ऑन रही। फोन कितनी देर अनलॉक रहा, ये भी दिखेगा। इसी में आपको डू-नॉट-डिस्टर्ब का फीचर भी मिलेगा। फोन में बच्चों की सेफ्टी के लिए पेरेंटल लॉक भी दिया है।

5. OTG सपोर्ट भी मिलेगा
इस सेगमेंट के स्मार्टफोन में आपको OTG सपोर्ट बहुत कम मिलता है, लेकिन जियोफोन नेक्स्ट इसे दे रहा है। यानी आप डायरेक्ट पेन ड्राइव लगाकर म्यूजिक, मूवी, वेब सारीज का मजा ले पाएंगे। फोन में 32GB का स्टोरेज है। ऐसे में आपको वीडियो कंटेंट फोन में स्टोर करने की जरूरत नहीं है। फोन का डेटा आप डायरेक्ट पेन ड्राइव में कॉपी कर पाएंगे।

अब बात करते हैं जियोफोन नेक्स्ट की 5 खामियों की

1. फिंगरप्रिंट स्कैनर नहीं दिया
इस सेगमेंट के स्मार्टफोन में अब कुछ कंपनियां फिंगरप्रिंट स्कैनर देने लगी हैं। इनफिनिक्स स्मार्ट 5A (6,999 रुपए) और आईटेल A48 (कीमत 5,999 रुपए) में ये सिक्योरिटी फीचर मिलता है। हालांकि जियोफोन नेक्स्ट में आपको ये फीचर नहीं मिलेगा। यानी फोन को अनलॉक करने के लिए पिन, पैटर्न का इस्तेमाल करना होगा।

2. फेस अनलॉक भी नहीं दिया
कई कंपनियां जो 7 हजार से कम कीमत वाले फोन में फिंगरप्रिंट स्कैनर नहीं दे पातीं, वे फेस अनलॉक का फीचर दे देती हैं। रियलमी C2 और आईटेल A48 में फेस अनलॉक का फीचर दिया गया है। इसकी कीमत 7 हजार रुपए से कम है। जियोफोन नेक्स्ट में आपको फिंगरप्रिंट स्कैनर के साथ ही फेस अनलॉक का फीचर भी नहीं मिलेगा।

3. इंटरनेट जियो सिम से ही चलेगा
जियोफोन नेक्स्ट में डुअल सिम सपोर्ट मिलेगा, लेकिन इंटरनेट सिर्फ जियो सिम से ही चलेगा। दरअसल कंपनी ने इसमें पब्लिक लैंड मोबाइल नेटवर्क (PLMN) कम्युनिकेशन का इस्तेमाल किया है, जिससे एक स्लॉट जियो सिम के लिए लॉक हो गया है। आप दूसरे नेटवर्क के सिम से सिर्फ कॉल या मैसेज कर पाएंगे। यानी बिना जियो सिम के ये स्मार्टफोन एक खिलौने जैसा बन जाएगा।

4. बैटरी कैपेसिटी कम
7 हजार रुपए से कम कीमत में कई कंपनियां अपने स्मार्टफोन में 5000mAh की बैटरी दे रही हैं। आईटेल विजन 2S (6,999 रुपए) में 5000mAh बैटर, इनफिनिक्स स्मार्ट 5A (6,999 रुपए) में 5000mAh बैटरी दी गई है। वहीं, रियलमी C2 (6,499 रुपए) में 4000mAh बैटरी मिलती है। जबकि जियोफोन नेक्स्ट में 3500mAh की ही बैटरी मिलेगी।

5. ओल्ड फैशन स्मार्टफोन
पिछले 5 सालों में लगभग सभी कंपनियों ने अपने स्मार्टफोन को लगातार अपग्रेड किया है। यानी बेजल लेस डिस्प्ले, नॉन-रिमूवेबल बैटरी, बैक कवर फिक्स जैसा हार्डवेयर दिया है। जबकि जियोफोन नेक्स्ट आपको उस गुजरे जमाने की याद दिलाता है, जो 5 साल पहले पीछे छूट गया है। इसका बैक कवर खुल जाता है। बैटरी निकाल सकते हैं।

 

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *