केंद्र सरकार की मेजबानी में एल्यूरिंग राजस्थान 2023 प्रदर्शनी की गुरुवार को होटल इंदर रेजीडेंसी में शुरुआत

उदयपुर एल्यूरिंग राजस्थान 2023 प्रदर्शनी की शुरुआत केंद्र सरकार की मेजबानी में गुरुवार को होटल इंदर रेजीडेंसी में हुई। प्रदर्शनी में करीब 80 स्टॉल लगाए गए हैं। केंद्र के 35 विभाग किसानों, छात्रों और आमजन को तीन दिन तक अपने उत्पाद और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। देशभर के विभिन्न तरह के उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, जैसे हैंडीक्राफ्ट, कृषि, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, वूलन और वुडन के उत्पाद। आयोजक एमएम भास्कर ने बताया कि प्रदर्शनी की शुरुआत दोपहर 12 बजे राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री चुन्नीलाल गरासिया ने किया। पूर्व मंत्री चुन्नीलाल गरासिया ने कहा यह प्रदर्शनी विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले छोटे-छोटे उत्पादकों और किसानों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी। छोटे-छोटे कुटीर उद्योगों के माध्यम से आजीविका चलाने वाले काश्तकार और किसानों को एक बड़ा मार्केट मिलेगा और उनकी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनेगी। उत्तराखंड से अपने प्लाईवुड के उत्पादों के साथ आए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास विभिन्नता के उत्पाद हैं, जो लकड़ी से बनाए गए हैं। इन पर बारीक कारीगरी की गई है।