नए साल में शीतलहर, बर्फ जमेगी:बारिश का दौर थमा, पारा 10 डिग्री से नीचे लुढ़का; 2-3 दिन में 4 डिग्री और गिर सकता है तापमान
राजस्थान में तीन दिन चला बारिश का दौर आज थम गया। जयपुर समेत पूरे राजस्थान में आज मौसम साफ रहा। धूप खिली। इससे पहले सुबह-सुबह ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान 4 से लेकर 8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। सबसे कम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, चूरू में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। जयपुर मौसम केन्द्र ने आने वाले दिनों में तापमान गिरने और नए साल से उत्तरी हवाओं के चलने की चेतावनी जारी की है। राज्य में एक बार फिर शीतलहर का दौर शुरू होगा, जिससे बर्फ जमने जैसी स्थिति बन सकती है।
जयपुर में आज सुबह अजमेर रोड, जोबनेर रोड पर घना कोहरा छाया। विजिबिलिटी 200 मीटर से भी कम रही। हालांकि कोहरे का असर ज्यादा देर नहीं रहा और सूरज चढ़ने के साथ ही आसमान साफ होने लगा और धूप खिलने लगी। गलन भरी सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलाव भी जलाए। जयपुर में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। जयपुर के अलावा बीकानेर, सीकर, जैसलमेर, अलवर, झुंझुनूं, नागौर और करौली जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
प्रदेश के शहरों में आज का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
| फतेहपुर शेखावाटी | 20.2 | 2 |
| चूरू | 21.2 | 4.3 |
| हनुमानगढ़ | 20.6 | 4.8 |
| पिलानी (झुंझुनूं) | 20.7 | 5.8 |
| सीकर | 20.5 | 6.5 |
| अलवर | 17.6 | 6.6 |
| गंगानगर | 20.3 | 7.3 |
| नागौर | 20.9 | 7.5 |
| बीकानेर | 21.5 | 8.6 |
| जैसलमेर | 16.5 | 8.8 |
| जयपुर | 18 | 9 |
| करौली | 18.1 | 9.3 |
| पाली | 19.6 | 9.4 |
| जोधपुर | 23.1 | 10.4 |
| सिरोही | 20.7 | 10.4 |
| बूंदी | 17.8 | 10.6 |
| अजमेर | 18.9 | 10.6 |
| जालौर | 22.8 | 10.9 |
| बाड़मेर | 20.4 | 10.9 |
| चित्तौड़गढ़ | 19.5 | 11 |
| उदयपुर | 17.4 | 11.2 |
| बारां | 18.3 | 11 |
| सवाई माधोपुर | 17.8 | 11.7 |
| धौलपुर | 15.7 | 11.7 |
| भीलवाड़ा | 17.6 | 12 |
| डूंगरपुर | 20.8 | 12.1 |
| कोटा | 17.2 | 12.5 |
अब आगे क्या?
जयपुर मौसम केन्द्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आज से अगले दो-तीन दिन प्रदेश के शहरों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की और गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं उत्तरी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, जैसलमेर बेल्ट में एक-दो दिन सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिल सकता है। 31 दिसंबर से 2-3 जनवरी तक राज्य में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है। इसका ज्यादा असर गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं बेल्ट में रहेगा। इस कारण यहां न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री तक और गिर सकता है।











