Rajasthan State Udaipur Weather

उदयपुर में सीजन की सबसे सर्द रात:बादल छटे तो 5.4 डिग्री गिरा पारा, पहली बार 5 डिग्री से नीचे आया तापमान

उदयपुर में शनिवार की सुबह काफी ठंडी रही। पिछले कुछ दिन से उदयपुर में सामान्य मौसम था। मगर शुक्रवार सुबह से ही हल्के बादल और कोहरा छाए रहने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। तेज धूप नहीं खिलने और हल्की हवाएं चलने से मौसम में ठिठुरन बड़ गई। शुक्रवार रात जब बादल छटे तो इसका असर सीधा शनिवार सुबह देखने को मिला। शनिवार सुबह का पारा अचानक 10.2 डिग्री से 5.4 डिग्री गिरकर 4.8 डिग्री पर पहुंच गया। इसी के साथ यह इस सीजन की सबसे सर्द रात और सुबह रही। वहीं दिन का तापमान भी 24 घंटे में 4.8 डिग्री गिरकर 24.2 डिग्री से सीधा 19.8 डिग्री पर पहुंच गया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिन में उदयपुर में मावठ की आशंका व्यक्त की है। मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर नरपत सिंह राठौड़ ने बताया कि सऊदी अरब में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ इराक, ईरान और बलूचिस्तान के रास्ते भारत की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में मावठ होने के संकेत है। इससे बादल छाए रह सकते हैं और घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है।

अब तेजी से गिरेगा तापमान, बढ़ने लगेगी ठंड

मौसम विभाग की मानें तो अगले सप्ताह से ठंड तेजी से बढ़ने लगेगी। साथ ही तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। अगले सप्ताह उदयपुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री से नीचे बना रह सकता है। उदयपुर में सामान्य तौर पर 20 दिसम्बर के बाद तापमान गिरने लगता है। आमतौर पर उदयपुर में दिसम्बर के अंतिम सप्ताह और जनवरी के अंतिम सप्ताह में सबसे ज्यादा ठंड होती है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *