सावन माह में कल्ला जी बावजी का रजत रथ पर भव्य झूला उत्सव, विशेष श्रृंगार में किए दर्शन
उदयपुर। सावन के पावन माह में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम रविवार को सेक्टर 14 स्थित श्री काली कल्याण धाम में देखने को मिला, जहाँ कल्ला जी बावजी को महादेव स्वरूप में रजत रथ पर झुलाया गया। श्रद्धालुओं ने महादेव रूपी कल्ला जी बावजी के विशेष श्रृंगार के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
धार्मिक आयोजन के तहत मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था। प्रभु कल्ला जी बावजी को सावन के अवसर पर विशेष श्रृंगार धराया गया, जिसमें पारंपरिक वस्त्र, चाँदी के आभूषण और पुष्पों की मनोहारी सजावट शामिल थी। रजत रथ पर झूला झुलाने की परंपरा को जीवंत करते हुए, श्रद्धालुओं ने कीर्तन और भजन संध्या के साथ प्रभु के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, सावन के हर रविवार को विशेष पूजन और झूला महोत्सव आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़ और आस्था को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं।
श्री काली कल्याण धाम अब सावन माह में हर सप्ताह आध्यात्मिक कार्यक्रमों का केंद्र बना रहेगा, जहाँ श्रद्धालु प्रभु के सान्निध्य का लाभ ले सकेंगे।











