फलासिया का हर्ष कलाल हत्याकांड:6 दिन बाद दूसरा आरोपी पुष्कर गिरफ्तार, रीट परीक्षा में पास करवाने के लिए पैसे वापस मांगने पर कोचिंग संचालक से हुआ था विवाद
उदयपुर के फलासिया थाना क्षेत्र में हर्ष कलाल हत्याकांड मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय परमार का साथ देकर हत्या में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुष्कर उर्फ पंकज को बावलवाड़ा के काकरदरा जंगलों से गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी संजय परमार का भी गुरुवार को पीसी रिमांड पूरा होगा, जिसके बाद उसे भी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
थानाधिकारी रामनारायण ने बताया कि 14 नवंबर की शाम कोचिंग सेंटर संचालक संजय परमार से मिलने के लिए गए हर्ष कलाल का शव मिला था। संजय ने ही साथी पुष्कर और दिनेश के साथ मिलकर पत्थरों से कुचलकर हत्या की थी। पुलिस ने दूसरे दिन ही संजय को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन पुष्कर और दिनेश की इस मामले में गिरफ्तारी नहीं हो पाई। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन दोनों लगातार ठिकाने बदल बदल कर छिप रहे थे। हालांकि अब भी दिनेश की गिरफ्तारी होना बाकी है।
दरअसल फलासिया और मादड़ी क्षेत्र में पिछले 3 वर्षों से संजय कोचिंग सेंटर का संचालन कर रहा था। मृतक हर्ष कलाल संजय की कोचिंग सेंटर रघुनंदन क्लासेज में ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पढ़ाने का कार्य करता था। हर्ष ने संजय के कहने पर रीट में पास करवाने और एसटीसी की डिग्री दिलवाने के नाम पर क्षेत्र के कई युवक-युवतियों से राशि लेकर उसे दी थी। काम नहीं होने पर तकाजा करने पर 2 युवक-युवतियों की राशि लौटने को लेकर मृतक और संजय परमार में खींचतान थी। इसी दौरान मृतक हर्ष और उसकी की बहन के बीच बढ़ते मेलजोल से भी आरोपी संजय नाराज था।











