उदयपुर में गोदाम में लगी आग:शॉट सर्किट से प्लास्टिक ड्रम ने पकड़ी आग, काबू में करने के लिए दो घंटे चली मशक्कत
उदयपुर के आयड़ इलाके में अलसुबह शॉर्ट सर्किट के चलते प्लास्टिक ड्रम के गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग में अपना भयावह रूप धारण कर लिया। आग को काबू में करने के लिए दमकल कर्मियों को करीब दो घंटे मशक्कत करनी पड़ी। गोदाम में आग की सूचना पर पूरे इलाके में भी अल सुबह हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार आयड़ संग्रहालय के सामने नागोरी ड्रम के गोदाम में यह आग लगी। सुबह करीब 4.30 बजे अचानक आग की लपटें देखकर संग्रहालय के चौकीदार ने फायर ब्रिगेड को फोन कर सूचना दी। इस दौरान ड्रम के गोदाम में कोई नहीं था। इस पर नगर निगम की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
गोदाम मालिक नदीम खान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गोदाम में इलेक्ट्रिक बोर्ड से संभवतया शॉर्ट सर्किट हो सकता है। उसी से निकली चिंगारी से प्लास्टिक ड्रम ने आग पकड़ ली। करीब 50 हजार रुपए कीमत के एक दर्जन से ज्यादा ड्रम पूरी तरह जलकर राख हो गए। वहीं सूचना पर भूपालपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।











