डीजल से भरा टैंकर ट्रक में घुसा:केबिन में ही फंसा रह गया ड्राइवर, घंटों मशक्कत के बाद बाहर निकला; अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
गोगुंदा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 27 पर घसियार मंदिर के पास शनिवार अलसुबह भीषण हादसा हो गया। पिंडवाड़ा की तरफ से जा रहे ट्रेलर से साइड नहीं मिलने पर ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रहा डीज़ल से भरा टेंकर अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसा। जिसकी वजह से टैंकर में सवार ड्राइवर बुकेबिन में फंस गया। इस जबरदस्त भिड़ंत से टैंकर चालक उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ निवासी मिराज मोहम्मद घायल हो गया। सूचना पर पहुंची गोगुंदा पुलिस ने यातायात को एक तरफ़ा कर बाकी वाहनों को वन वे से निकलवाया।
6 घंटे डिस्टर्ब रहा हाईवे, लगा जाम
जबरदस्त भिड़ंत से हाईवे तकरीबन 6 घंटे तक बाधित रहा। उसके बाद सुबह यातायात को सुचारू रूप से शुरू करवाया जा सका। पुलिस ने मौके पर क्रेन और जेसीबी से ट्रक और टैंकर को साइड में करवाया। टैंकर के केबिन में फंसे चालक को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन से निकाला। चालक का उदयपुर के प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी में सामने आया कि गोगुन्दा की ओर से तेज गति से जा ट्रेलर को ट्रक ओवरटेक करना चाह रहा था। इस कोशिश के दौरान मगर ट्रेलर के साइड नहीं देने से पीछे चल रहे ट्रक ने भिड़ंत के बचाव के लिए अचानक ब्रेक लगाए। जिसकी वजह से उसके पीछे चल रहा डीजल से भरा टेंकर ढलान होने की वजह से नियंत्रित नहीं हो सका और आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा। इससे चालक मिराज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहनों का लंबा जाम लग गया। केबिन में फंसे चालक को क्रेन व जेसीबी की मदद से बाहर निकाला।











