Bharatpur Bikaner Jaipur Jodhpur Kota Rajasthan State Udaipur Weather

फतेहपुर में माइनस 1.6 पर लुढ़का पारा:21 दिसंबर तक 5 जिलों में अलर्ट, माउंट आबू-चूरू में शून्य पर आया तापमान

राजस्थान में आज से हाड़ कंपाने वाली सर्दी की शुरुआत हो गई। उत्तर भारत से चली कोल्ड वेव (शीत लहर) ने समूचे मैदानी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है। इसका असर शुक्रवार को राजस्थान के अधिकांश इलाकों में भी पड़ा। बीती रात से चल रही तेज शीतलहर के कारण तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं उत्तरी राजस्थान के कई जिले कोहरे से ढके रहे।

मौसम केन्द्र के मुताबिक उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा के साथ-साथ उत्तर राजस्थान और पाकिस्तान बॉर्डर से लगता जैसलमेर का एरिया घने कोहरे से ढका दिखाई दिया। आज सीकर के फतेहपुर में पारा 6.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर माइनस 1.6 पर पहुंच गया, जो सीजन का सबसे कम तापमान रहा। वहीं माउंट आबू और चूरू में भी तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठिठुरन और कोल्ड वेव की स्थिति बनी है। शेखावाटी के सीकर, झुंझुनूं में पारा 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे रहा। बीकानेर में आज न्यूनतम तापमान 5.6, जबकि हनुमानगढ़ में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

झुंझुनूं के पिलानी में पारा 1.1 रहा, जो इस सीजन में यहां का सबसे कम तापमान है। बाड़मेर, जैसलमेर, जालौर में न्यूनतम तापमान आज 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। नागौर में भी आज तापमान 3.3 पर पहुंच गया। फतेहपुर में माइनस में तापमान आने के बाद खेतों और मिट्‌टी में हल्की बर्फ की परत जम गई।

अब आगे क्या?
जयपुर मौसम केन्द्र की माने तो यह स्थिति 20-21 दिसंबर तक यूं ही बनी रहेगी। मौसम विभाग ने हनुमानगढ़, गंगानगर, चूरू, बीकानेर, झुंझुनूं समेत कई जगहों के लिए ओरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। यहां 20 दिसंबर तक तेज कोल्ड वेव और कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना जताई है। इस बीच फसलों में पाला पड़ने की भी आंशका है।

प्रमुख शहरों का आज का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम
फतेहपुर 20.2 -1.6
चूरू 19.2 0
पिलानी 18 1.1
नागौर 21.3 3.3
सीकर 20.5 5
बीकानेर 22.5 5.6
हनुमानगढ़ 20.8 6
गंगानगर 19.6 6.5
फलौदी 23.8 7
जैसलमेर 21.6 7.3
जालौर 24.5 8.1
अलवर 20 8.2
चित्तौड़गढ़ 23.6 8.7
बाड़मेर 24.5 8.8
सिरोही 23.5 9
सवाई माधोपुर 23.9 9.3
भीलवाड़ा 23.1 9.6
जोधपुर 22.8 10
अजमेर 22.9 10.2
कोटा 22.7 11.5

रात के साथ दिन भी हुए ठंडे
राजस्थान में रात के साथ-साथ अब दिन भी ठंडे होने लगे हैं। गुरुवार को अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कल सबसे ठंडा दिन पिलानी का रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्द हवाओं और गलन भरी सर्दी के कारण धूप से भी राहत नहीं मिली।

 

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *