जगदीश चौक में दधिका महोत्सव,सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति, मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ शाही लवाजमे के साथ पहुंचे
उदयपुर शहर के जगदीश मंदिर के बाहर शुक्रवार रात को जन्माष्टमी के तहत दधिका महोत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अपने पुत्र हरितराज को कंधों पर बैठाकर पहुंचे। उन्होंने भगवान जगन्नाथरायजी और ठाकुरजी की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मैं मेरे पुत्र हरितराज को इसलिए साथ लेकर आया हूं ताकि हम भावी पीढ़ी को सनातन धर्म और संस्कृति से रूबरू करा सके। बचपन से ही ऐसे धार्मिक आयोजनों में भागीदारी सुनिश्चित करने से भावी पीढ़ी में धर्म, संस्कृति और राष्ट्र भक्ति के स्थायी भाव जागृत होंगे। इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने भगवान कृष्ण के जयकारों के साथ माहौल भक्तिमय बना दिया। इसमें कार्यक्रम के दौरान मटकी फोड़ टीम के जगदीश चौक पर मौजूद हर श्रद्धालु ने उत्साह बढ़ाया। इससे पहले हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने सभी को बांधे रखा।
जगदीश चौक के इस कार्यक्रम में शहरवासियों के साथ ही उदयपुर आए पर्यटक भी शामिल होते हैं।आयोजन स्थल पर कृष्ण भगवान की जयकारों, नंद घर आयो आनंद भयो से लेकर हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैयालाल की नारे लगे। मटकी फोड़ में पहले राउंड में सभी 10 टीमें जोश के साथ ऊंचाई पर मटकी की तरफ बढ़ती गई लेकिन सफलता किसी को नहीं मिली। दूसरा राउंड 11 बजे बाद शुरू हुआ और ओम सांई राम जगदीश चौक की टीम ने मटकी को फोड़ दिया। मटकी पहले राउंड से ही 28 फीट ऊंची बांधी गई थी और धीरे-धीरे टीमें असफल होती गई वैसे इसको नीचे किया गया। धर्मोत्सव समिति के इस आयोजन में उदयपुर के शहीद हुए मैजर मुस्तफा के परिवारजों का सम्मान भी किया।











