उदयपुर में बेखौफ चोर:दुकान और दो सूने घरों को बनाया निशाना, हजारों की नकदी सहित कई सामान ले गए
उदयपुर के सायरा इलाके में इन दिनों चोरों का आतंक है। करदा गांव में बीती रात चोरों ने एक ऑटो पार्ट्स की दुकान को निशाना बनाया। चोर यहां से करीब 5 हजार रूपए की नकदी सहित तीन नए टायर और अन्य सामान अपने साथ ले गए। चोर शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसे। वहीं, समीपवर्ती गांव में एक सुने घर में भी सेंधमारी करते हुए चोरों ने घर में काफी सामान बिखेर कर वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक अपने परिवार के साथ सूरत में रहता हैं, ऐसे में घर सूना था।
दरअसल सायरा थाना क्षेत्र के करदा में चोरों ने धमाल मचाया। इस दौरान चोरी की एक मोटर साइकिल भी पास के एक गोदाम में चोर छोड़कर चले गए। बस स्टैंड पर स्थित कमलेश पालीवाल की ऑटो पार्ट्स की दुकान पर चोरों ने ताले तोड़े। चोर यहां से तीन नए टायर, 5 हजार की नकदी और अन्य सामान अपने साथ ले गए।
इसके बाद समीपवर्ती केलवा की भागल गांव में भी चोरों ने इंद्र सिंह के मकान के ताले तोड़े। चोरों ने मकान में सारे सामान को बिखेरा और तसल्ली चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इंद्र सिंह का पूरा परिवार सूरत है, जिन्हें ग्रामीणों ने सुबह फोन कर जानकारी दी। इसी दौरान गांव में एक और मकान के भी ताले तोड़े गए, लेकिन पास में एक बुजुर्ग के जागने पर चोर सफल नहीं हुए और मौके से भाग गए।
सूचना पर सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात के बारे में जानकारी जुटाई। इससे पहले क्षेत्र के कई गांवों में चोरी की वारदातें सामने आ चुकी है, जिनका अब तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ग्रामीण लगातार गांवों में पुलिस गश्त की मांग कर रहे है।











