Jodhpur Rajasthan State

कटरीना के हाथों में सजेगी वर्ल्ड फेमस मेहंदी:सोजत से 20 किलो पाउडर और हिना के 400 नेचुरल कोन ऑर्डर किए, एश्वर्या-प्रियंका ने भी लगवाई थी

राजस्थान के पाली जिले के सोजत की विश्व प्रसिद्ध मेहंदी फिल्म स्टार कटरीना कैफ के हाथों पर सजेगी। सोजत के एक मेहंदी व्यापारी को इसका ऑर्डर मिल गया है और वे इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। इससे पहले यह मेहंदी ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा सहित सहित कई बड़ी फिल्मी हस्तियों और उद्योगपतियों की बेटियों के हाथों में सज चुकी है।

कटरीना कैफ अपने साथी विक्की कौशल के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। राजस्थान के सवाई माधोपुर की होटल सिक्स सेंस बरवाड़ा फोर्ट में इसकी तैयारियां चल रही हैं। 7 से 9 दिसंबर तक शादी समारोह होना है। सोजत के मेहंदी व्यवसायी नितेश अग्रवाल की कंपनी नेचुरल हर्बल को मेहंदी का ऑर्डर मिला है।

कटरीना के लिए खास तौर पर 20 किलो मेहंदी और 400 हिना नेचुरल कोन सोजत से भेजे जाएंगे। मेहंदी व्यवसायी नितेश ने बताया कि 25 अक्टूबर को पहला और 10 नवंबर को दूसरा सैंपल भेजा था, जो पसंद किया गया है। अब 1 दिसंबर तक ऑर्डर की मेहंदी जयपुर भेजनी है। विशेष रूप से इसे तैयार कर रहे हैं।

100 से ज्यादा देशों में होती है सप्लाई
सोजत की मिट्‌टी में तांबे के अंश होते हैं, जो खास लोवसोनिया इंटेरमिस्स कंटेंट से बना हुआ है। इससे मेहंदी की क्वालिटी बेहद अच्छी हो जाती है और हाथों पर यह अच्छी रचती है। मेहंदी को अब जियो टैग भी मिल चुका है। देश के अलग-अलग राज्यों सहित 100 से अधिक देशों में सोजत की मेहंदी सप्लाई होती है।

सोजत की मेहंदी का सेलिब्रिटीज में क्रेज
राजस्थानी शादी का शाही अंदाज और सोजत की मेहंदी कई फिल्मी स्टारों और बिजनेसमैन की खास पसंद रही है। जोधपुर, जयपुर, उदयपुर, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में होने वाली शाही शादियों में इसका ऑर्डर दिया जाता है।

सोजत में सबसे बड़ी मेहंदी की मंडी
सोजत में भारत की सबसे बड़ी मेहंदी की मंडी है। यहां की मेहंदी दुनिया भर में ‘राजस्थानी हिना’ के रूप में लोकप्रिय है। यह हाथों और पैरों पर लाल रंग में रचती है। इसे बालों के लिए एक अच्छा प्राकृतिक कंडीशनर माना जाता है। सोजत की जलवायु परिस्थिति और मिट्टी इस मेहंदी का उत्पादन के लिए अनुकूल है।

 

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *