Rajasthan State Udaipur

उदयपुर में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ:एक महीने में तीन मवेशियों को बना चुका निवाला, उदयसागर झील से सटे गांवो के लोगो ने ली राहत की सांस

उदयपुर जिले के कुराबड वन रेंज के झामर कोटडा में शुक्रवार अलसुबह एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। झामर कोटडा क्षेत्र में बोडाफला के इलाके में लगातार मूवमेंट बढ़ रहा था और बीतें दिनों तेंदुए ने बाड़े में घुसकर घोड़े का शिकार भी किया था। इसके बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कवायद की थी।

ग्रामीणों में बढ़ते खौफ के बाद व​न विभाग ने पांच दिनो पूर्व आरएसएमएम झामर कोटडा के जीजीएम ऑफिस के पास पिंजरा लगाया था। शुक्रवार सुबह 5 बजे जब व​न विभाग के कर्मचारी पिंजरा चेक करने पहुंचे, तब तेंदुआ अंदर कैद था। इसकी उम्र करीब 4 वर्ष बताई गई है। तेंदुए के पकड़ में आने की जानकारी लगते ही गांव के लोग भी जमा हो गए। सूचना पर वन विभाग की टीम और कुराबड़ थाना पुलिस मौके पहुंची और उसे बायोलॉजिकल पार्क के लिए लेकर रवाना हुई।

इससे पहले बोडाफला के डांग इलाके में भी पिंजरा लगाया था जहां देर रात तेंदुआ पुनः जंगल से विचरण करते हुए आबादी क्षेत्र में नजर आया था। तेंदुए ने बीतें एक माह में इस क्षेत्र में तीन मवेशियों को अपना शिकार बनाया है। इसके पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है। उदयसागर झील से सटे जंगलों में वन विभाग ने इससे पहले भी कई बार पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ा है।

 

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *